Raigarh AC Blast: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलोनी स्थित अंबेडकर नगर में एक मकान के भीतर अचानक एसी फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
साढ़े तीन बजे गूंजी धमाके की आवाज, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 3:30 बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोगों ने देखा कि मकान से आग और धुआं निकल रहा है। घबराए लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचे और घर के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया।
एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
हादसे में घर के अंदर मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों की मदद से दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान पुरुषोत्तम पटेल की मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
घर का सामान और दो बाइकें भी जलकर खाक
विस्फोट और आग के कारण मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घर के भीतर रखा सामान पूरी तरह जल गया, जबकि घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी आग की चपेट में आकर राख हो गईं। धमाके का असर आसपास के मकानों तक महसूस किया गया।
AC में तकनीकी खराबी की आशंका, जांच शुरू
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एसी में तकनीकी खराबी या गैस का दबाव बढ़ने के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई गई है। चक्रधर नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।