Ranchi News : झारखंड सरकार ने राज्य के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (APHC) में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 13 करोड़ 4 लाख 58 हजार 500 रुपये जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी केंद्रों को आगामी चार महीनों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया है।
मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि अस्पताल बारिश और अन्य मौसमजनित बीमारियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाओं की समय पर खरीद करें। साथ ही अगले चार महीनों की संभावित जरूरत के अनुसार दवा भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
सर्पदंश और डॉग बाइट की दवाएं हमेशा रहें उपलब्ध
विभाग ने विशेष रूप से सांप काटने और कुत्ता काटने के इलाज में उपयोग होने वाली दवाओं और इंजेक्शन की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। खरीदी जाने वाली सभी दवाओं की कम से कम 80 प्रतिशत शेल्फ लाइफ होना भी अनिवार्य किया गया है।
ई-टेंडर और GeM पोर्टल से होगी खरीद
दवाओं की खरीद पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-टेंडर या GeM पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। साथ ही अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं की सूची सूचना पट्ट या प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करना भी अनिवार्य होगा, ताकि मरीजों को इसकी जानकारी मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने तेजी से उपयोग होने वाली 60 प्रमुख दवाओं का कम से कम 25 प्रतिशत बफर स्टॉक रखने का निर्देश दिया है। प्रत्येक जिले के सिविल सर्जन एक वरिष्ठ चिकित्सा पदाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे, जो दवाओं की उपलब्धता की निगरानी करेंगे और हर महीने विभाग को रिपोर्ट भेजेंगे।