Bokaro News: आगामी मुहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में बोकारो-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संवेदनशील इलाके सिवनडीह के पास एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना सहित तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल के जरिए पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की अपनी तैयारियों को परखा, जिसमें उपद्रवियों को काबू करने के लिए वॉटर कैनन, आंसू गैस, रबर बुलेट और लाठीचार्ज का प्रदर्शन किया गया।
सोशल मीडिया पर नजर और उपद्रवियों को सख्त चेतावनी
डीसी और एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने या गड़बड़ी करने की कोशिश की, तो प्रशासन उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस और प्रशासन ऐसे तत्वों से अपराधियों की तरह सलूक करेगा। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के लिहाज से सभी संवेदनशील जगहों पर मजिस्ट्रेट के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।