Lohardaga News: लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र स्थित कुंदो मोड़ के पास मंगलवार देर रात एक फर्नीचर शोरूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में शोरूम में रखा लाखों रुपये मूल्य का फर्नीचर जलकर राख हो गया। शोरूम संचालक ने करीब 10 से 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
ग्रामीणों ने किया आग बुझाने का प्रयास
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग की लपटें काफी तेज होने के कारण स्थिति पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद लोहरदगा अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
दमकल की मशक्कत से बुझी आग
काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर नियंत्रण पाया। बताया गया कि शोरूम में रखा सोफा सेट, पलंग, कुर्सियां समेत अन्य फर्नीचर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। लोहरदगा से कुडू की दूरी लगभग 20 किलोमीटर होने के कारण दमकल वाहन को मौके तक पहुंचने में कुछ समय लगा।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस जांच जारी
घटना की जानकारी मिलने पर कुडू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शोरूम संचालक ने थाना में लिखित आवेदन देकर नुकसान की जानकारी दी है। थाना प्रभारी अजित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।