Bihar News: बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय मासूम बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस खौफनाक कदम को देखकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशों में जुट गई।
दूसरी शादी कर पति ने घर से निकाला बाहर
टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले की रहने वाली गुड्डी देवी के रूप में हुई है। पीड़ित महिला का आरोप है कि करीब 10 साल पहले दिल्ली-गुरुग्राम में उसका मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर से प्रेम विवाह हुआ था, जिससे उनका एक बेटा भी है। आरोप है कि कुछ समय बाद उसके पति ने उसे धोखा देकर दूसरी शादी कर ली और उसे व उसके बेटे को घर से बेदखल कर दिया।
जब तक DM-SP नहीं आएंगे, नीचे नहीं उतरूंगी
गुड्डी देवी ने बताया कि वह न्याय की भीख मांगने के लिए कई बार थाने और बड़े पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट चुकी है, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस और सिस्टम की इसी लापरवाही से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। महिला ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि जब तक जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर आकर उसे न्याय का भरोसा नहीं देते, वह नीचे नहीं आएगी।
मौके पर जुटी भारी भीड़, प्रशासन को छूटे पसीने
महिला की इस जिद ने प्रशासन की रात-दिन की नींद उड़ा दी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने टावर के आसपास के इलाके को खाली करा दिया है और लोगों को दूर रहने की हिदायत दी है। खबर लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार महिला को समझाने-बुझाने और मां-बेटे को सुरक्षित नीचे उतारकर मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की जद्दोजहद में जुटे हुए थे।