Gumla News : केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने डोडा तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गुमला जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बासुआ गांव निवासी जीवन उरांव के रूप में हुई है। कार्रवाई सोमवार देर रात स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया।
जयपुर में 1868 किलो डोडा बरामदगी के बाद सामने आया था नाम
जानकारी के अनुसार, 16 मई 2026 को राजस्थान के जयपुर में नारकोटिक्स अधिकारियों ने 1,868 किलोग्राम डोडा बरामद किया था। मामले की जांच के दौरान जीवन उरांव का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे आरोपी बनाया गया। जांच एजेंसियां काफी समय से उसकी तलाश कर रही थीं, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।
गुप्त सूचना पर गांव में दबिश देकर दबोचा
CBN को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने पैतृक गांव बासुआ में छिपा हुआ है। इसके बाद केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसके ठिकाने पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अपने कब्जे में ले लिया गया। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां आरोपी से डोडा तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। मामले में आगे भी कई अहम खुलासे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।