Ranchi: रांची जिले में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया अब अगले महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर गई है। शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और तकनीकी ट्रेड परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन मंगलवार से शुरू किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, चयन प्रक्रिया में सफल अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच 23 जून से 27 जून 2026 तक की जाएगी। सत्यापन कार्य प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रमाणपत्र सत्यापन की प्रक्रिया समादेष्टा, केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी परिसर, धुर्वा में आयोजित की जाएगी। उपायुक्त के निर्देश पर गठित समिति अभ्यर्थियों के शैक्षणिक, आवासीय और अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों की जांच करेगी।
मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
प्रशासन ने सभी सफल अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होने की अपील की है। साथ ही शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, आवासीय प्रमाणपत्र समेत सभी आवश्यक मूल दस्तावेज अपने साथ लाने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, दस्तावेज सत्यापन भर्ती प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी प्रमाणपत्रों की जांच पूरी होने के बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।