Jharkhand News: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने राज्य में पहली बार मैट्रिक और इंटरमीडिएट की विशेष परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है. वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए छात्रों के साथ-साथ असफल और अंक सुधार की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों को भी दोबारा मौका मिलेगा.
JAC ने विशेष परीक्षा, इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया और कार्यक्रम जारी कर दिया है. विद्यार्थी JAC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन के लिए पहले से जारी यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करना होगा.
सभी विषयों में सुधार का मिलेगा विकल्प
JAC ने स्पष्ट किया है कि इंप्रूवमेंट परीक्षा में विषयों को लेकर कोई अनिवार्यता नहीं होगी. छात्र चाहें तो सभी विषयों की परीक्षा दे सकते हैं या केवल उन्हीं विषयों में शामिल हो सकते हैं, जिनमें वे अपने अंक बढ़ाना चाहते हैं.
राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के कारण लिया गया फैसला
इस साल बोर्ड परीक्षा के दौरान राष्ट्रीय स्तर की स्कूली खेल प्रतियोगिताएं होने के कारण कई विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे. अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की राष्ट्रीय फुटबॉल और हॉकी टीमों के लिए चयनित छात्रों की परेशानी को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने विशेष परीक्षा कराने का निर्देश दिया था. इसके बाद JAC ने पहली बार इस तरह की परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है.
हजारों छात्रों को मिलेगा लाभ
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में करीब 20 हजार विद्यार्थी असफल हुए थे, जबकि लगभग 1800 छात्र आवेदन करने के बावजूद परीक्षा नहीं दे सके थे.
वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में करीब 26 हजार विद्यार्थी असफल हुए हैं. इनमें विज्ञान संकाय के लगभग 15 हजार छात्र शामिल हैं.
आवेदन की अंतिम तिथि
मैट्रिक विशेष परीक्षा:
बिना विलंब शुल्क: 22 जून से 3 जुलाई तक
विलंब शुल्क के साथ: 4 जुलाई से 10 जुलाई तक
इंटरमीडिएट विशेष परीक्षा:
बिना विलंब शुल्क: 25 जून से 7 जुलाई तक
विलंब शुल्क के साथ: 8 जुलाई से 13 जुलाई तक
JAC ने सभी विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.