Jamtara News: जामताड़ा में लंबे समय से ठप पड़े मनरेगा कार्यों को अब रफ्तार मिलने की उम्मीद है. नारायणपुर प्रखंड में 103 दिनों से जारी मनरेगा कर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद रोजगार सेवक फिर से अपनी जिम्मेदारियों पर लौट आए हैं. सोमवार को सभी कर्मी प्रखंड कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को आवेदन सौंपकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया.
हड़ताल से प्रभावित थीं कई योजनाएं
मनरेगा कर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार से जुड़ी कई योजनाओं की प्रगति प्रभावित हुई थी. अब कर्मियों की वापसी के बाद लंबित योजनाओं को दोबारा गति मिलने की संभावना जताई जा रही है. इससे पंचायत स्तर पर मनरेगा कार्यों का संचालन सामान्य हो सकेगा.
ग्रामीण रोजगार और विकास कार्यों को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों के अनुसार, कर्मियों के सक्रिय होने से मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज होगी. साथ ही गांवों में चल रही विकास योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन भी पहले की तरह नियमित हो पाएगा.
कर्मियों ने बेहतर कार्य व्यवस्था का दिया भरोसा
योगदान देने के बाद मनरेगा कर्मियों ने ग्रामीण विकास योजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई. उन्होंने कहा कि आगे मिलकर योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा. योगदान देने वालों में राधेश्याम पंडित, मो. सुल्तान, अनिल चौधरी, सुमन्तो दास, मो. मजहर, मो. इदरीस, मेघलाल रजक और बिष्णु सोरेन समेत अन्य रोजगार सेवक शामिल रहे.