Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-06-20

Jamshedpur DC Inspection: उपायुक्त ने भारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों, स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी के डूब क्षेत्रों एवं राहत शिविरों का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

Jamshedpur: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जमशेदपुर शहर में भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों तथा स्वर्णरेखा और खरकई नदी के डूब क्षेत्रों, राहत शिविर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कदमा, शास्त्रीनगर, दोमुहानी, मानगो के शंकोसाई में डूब क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों से उनकी समस्याओं को जाना तथा राहत बचाव टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बागुनहातु स्थित आश्रय स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ हीराहत शिविर में ठहरे लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आश्रय स्थलों में पेयजल, खाद्य सामग्री सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं समुचित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। विशेषकर बच्चों, महिलाओं एवं वृद्धों की देखभाल में कोई कोताही न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने शास्त्रीनगर, कदमा, दोमुहानी जैसे भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति, नालों की सफाई, पानी निकासी की व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी के जलस्तर पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाए तथा खतरे की स्थिति में तुरंत अलर्ट जारी कर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए।

सभी आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि राहत और बचाव सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे एवं नाव, मोटरबोट, जीवन रक्षक जैकेट, सर्चलाइट आदि की व्यवस्था पूरी तरह क्रियाशील हो।

नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील

जिला प्रशासन पूरी तरह से सजग एवं सतर्क है। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा आकस्मिक स्थिति में संयम और धैर्य बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर कंट्रोल रूम में 0657-2431028 पर संपर्क करें।

निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, सहायक नगर आयुक्त मानगो नगर निगम अरविंद अग्रवाल, जुस्को के प्रतिनिधि, स्वर्णरेखा परियोजना के अभियंता व अन्य सम्बंधित उपस्थित रहे। 
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !