Seraikela: आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह करीब 10 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा मर्सिडीज शोरूम के समीप हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। मृतक की पहचान ओडिशा निवासी देवाशीष साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देवाशीष साहू नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थे और अस्पताल परिसर स्थित हॉस्टल में रहकर अपनी सेवाएं दे रहे थे। रविवार सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल से आदित्यपुर से आरआईटी मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मर्सिडीज शोरूम के पास दूसरी यामाहा बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि देवाशीष साहू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार बाइक चालक की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। देवाशीष साहू की असामयिक मौत से मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों, सहकर्मियों और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के बीच शोक का माहौल है।