Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-20

Seraikela News: उली बगइचा परब में सजे आमों के रंग, किसानों को मिला सीधे बाजार से जुड़ने का मंच

Seraikela: किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा उली बगइचा परब (आम महोत्सव) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा मांझी और उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने शामिल होकर किसानों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा मांझी ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन किसानों को अपनी उपज प्रदर्शित करने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे किसानों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिलने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर में आयोजित इस आम प्रदर्शनी के माध्यम से आम उत्पादक किसानों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का मंच मिला है। इससे न केवल किसानों की आय बढ़ेगी, बल्कि अन्य किसान भी बागवानी और कृषि आधारित स्वरोजगार की ओर प्रेरित होंगे।

बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े हैं हजारों किसान
उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने बताया कि मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के माध्यम से जिले में लंबे समय से आम बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में जिले के करीब 6,000 किसान इस योजना से जुड़े हुए हैं और आम्रपाली, मालदा, मल्लिका सहित विभिन्न किस्मों के आमों का उत्पादन कर रहे हैं। डीडीसी ने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को सीधे ग्राहकों और संभावित खरीदारों से जोड़ना है, ताकि उन्हें बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से लाए गए अधिकांश आम प्राकृतिक खेती के माध्यम से तैयार किए गए हैं, जिनमें रासायनिक पदार्थों और कृत्रिम पकाने वाले तत्वों का न्यूनतम उपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आम स्वाद, गुणवत्ता और स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से बेहतर होते हैं तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित और प्राकृतिक उत्पाद उपलब्ध कराते हैं।

मार्केट लिंकेज पर विशेष फोकस
रीना हांसदा ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें बाजार से जोड़ने के लिए भी लगातार प्रयास कर रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि किसानों को उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन के हर चरण में सहयोग मिले, जिससे उनकी आय में स्थायी वृद्धि हो सके। कार्यक्रम में किसानों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया और बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न किस्मों के आमों की खरीदारी भी की। आयोजन को किसानों और आम उपभोक्ताओं की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !