Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-20

Hemant Soren Shirdi Visit: शिरडी पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कहा आध्यात्मिकता से मिलती है सकारात्मक ऊर्जा

Hemant Soren Shirdi Visit: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों महाराष्ट्र दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध शिरडी साई बाबा मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। साईं बाबा के चरणों में नमन करते हुए उन्होंने झारखंडवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों पर जाने से मन को शांति मिलती है तथा जीवन में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त होती है।

आध्यात्मिकता से मिलती है सेवा और संघर्ष की शक्ति
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक स्थल व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति देते हैं और समाज के लिए बेहतर कार्य करने का संकल्प मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि साईं बाबा के आशीर्वाद से ही उन्हें जनता की सेवा करने की प्रेरणा मिलती है और वे समय-समय पर झारखंड के साईं मंदिरों में भी दर्शन के लिए जाते रहते हैं।

साईं संस्थान ने किया सम्मानित
शिरडी साईं बाबा संस्थान के मुख्य कार्यपालक अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें शॉल तथा साईं बाबा की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। गाडिलकर ने कहा कि देश-विदेश से प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु शिरडी पहुंचते हैं और साईं बाबा के विचार आज भी लोगों को आध्यात्मिक रूप से प्रेरित कर समाज को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

अच्छे विचार और बेहतर कार्य का आशीर्वाद लेने आया हूं
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह साईं बाबा के चरणों में अच्छे विचार, सकारात्मक सोच और भविष्य में बेहतर कार्य करने का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि इंसान से गलतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन ईश्वर से यही प्रार्थना है कि उन्हें लोगों के लिए अधिक से अधिक अच्छे कार्य करने की शक्ति और मार्गदर्शन मिलता रहे।

राहुल गांधी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएँ 
शिरडी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि देश के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक सोच तथा जनसेवा का भाव सबसे महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने अपने सोशल मीडिया मंच पर शिरडी दर्शन की तस्वीरें साझा करते हुए राज्यवासियों के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

जल संरक्षण और झारखंड की पहचान पर दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने झारखंड में पानी की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि पहले कई क्षेत्रों में गंभीर जल संकट था, लेकिन अब बड़ी संख्या में घरों तक नल के माध्यम से पेयजल पहुंच रहा है। फिर भी कुछ इलाकों में चुनौतियां बनी हुई हैं। उन्होंने लोगों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध राज्य है तथा देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। साथ ही उन्होंने देशवासियों को झारखंड के गांवों और पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का भी आमंत्रण दिया।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !