National News: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून को होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की जाएगी, जिसमें 22.79 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल होंगे.
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. वहीं दिव्यांग (PwD) श्रेणी के अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा और वे शाम 6:20 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे. परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 2 लाख से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है.
CCTV और बायोमेट्रिक जांच से होगी निगरानी
NTA ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है. परीक्षा सामग्री को GPS से लैस वाहनों और पुलिस सुरक्षा के साथ केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा.
सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, जिसकी मॉनिटरिंग केंद्रीय कंट्रोल रूम से होगी. फर्जीवाड़ा रोकने के लिए अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच और आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा.
इन चीजों को परीक्षा केंद्र ले जाना होगा जरूरी
NTA ने अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने की सलाह दी है. रिपोर्टिंग का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा. दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा.
परीक्षार्थियों को अपने साथ एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी, वैध फोटो पहचान पत्र और उपस्थिति पत्रक के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना अनिवार्य होगा.
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर रहेगी रोक
परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, वॉलेट, आभूषण और अन्य धातु की वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी. खाने के पैकेट भी प्रतिबंधित रहेंगे.
गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, पंखे, बिजली बैकअप, पर्याप्त रोशनी और मेडिकल सुविधा की व्यवस्था की गई है.
डायबिटीज से पीड़ित उम्मीदवारों को पारदर्शी बोतल में पानी, चीनी की गोलियां और तय नियमों के अनुसार कुछ फल ले जाने की अनुमति होगी.
NTA ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी कारणों से बायोमेट्रिक सत्यापन में दिक्कत आने पर किसी छात्र को परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा. मैन्युअल पहचान सत्यापन के बाद उसे परीक्षा में शामिल होने दिया जाएगा.
एजेंसी ने छात्रों से अफवाहों से बचने और अपनी तैयारी पर भरोसा रखने की अपील की है. सहायता के लिए उम्मीदवार NTA हेल्पलाइन 011-40759000/011-69227700 या neetug2026@nta.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं.