Ranchi News : राजधानी रांची के रेलवे कॉलोनी स्थित रोड नंबर-1 में हल्की बारिश के बाद भी गंभीर जलजमाव की समस्या सामने आ रही है। सड़क पर इतना पानी भर जाता है कि पूरा रास्ता तालाब जैसा दिखाई देता है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को भी जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
गंदे पानी और गड्ढों से बढ़ा हादसे का खतरा
बारिश के बाद सड़क पर जमा गंदा पानी कई दिनों तक नहीं निकलता। पानी भर जाने से सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई राहगीर फिसलकर गिर चुके हैं और बाइक सवार भी आए दिन हादसों का शिकार होते-होते बचते हैं। इसके अलावा गुजरने वाले वाहनों के कारण गंदे पानी के छींटे लोगों के कपड़ों पर पड़ते हैं, जिससे कार्यालय और अन्य कामों के लिए निकलने वाले लोगों को काफी दिक्कत होती है।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर लगाया अनदेखी का आरोप
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम, वार्ड पार्षद और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या की पूरी जानकारी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जीत के बाद बुनियादी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था कर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से पहले स्थिति में सुधार हो।