IPL 2027: आईपीएल 2026 का सीजन खत्म हुए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अगले सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक आईपीएल 2027 का आगाज 10 मार्च से हो सकता है। वहीं, फाइनल मुकाबला 15 मई को खेले जाने की संभावना जताई जा रही है।
गर्मी और मौसम को देखते हुए IPL जल्द खत्म करने की तैयारी
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने संकेत दिए हैं कि टूर्नामेंट को सामान्य से पहले समाप्त करने पर विचार किया जा रहा है। इसके पीछे उत्तर भारत में मई के आखिर तक पड़ने वाली भीषण गर्मी और कई क्षेत्रों में शुरू होने वाली प्री-मानसून गतिविधियां प्रमुख वजह मानी जा रही हैं। बोर्ड का मानना है कि इससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को राहत मिलेगी।
IPL 2027 में भी 74 मैचों का फॉर्मेट रहने की संभावना
वहीं, अगले सीजन में मैचों की संख्या बढ़ाने की संभावना फिलहाल नहीं है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर को देखते हुए आईपीएल 2027 में भी 74 मुकाबले ही खेले जा सकते हैं। हालांकि भविष्य में मैचों की संख्या बढ़ाकर 94 करने पर विचार किया जा सकता है, लेकिन फिलहाल मौजूदा प्रारूप को ही बरकरार रखने की तैयारी है।