Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-18

Ballia News : पवन सिंह और रवि किशन के कार्यक्रम में बेकाबू हुई भीड़, हालात संभालने के लिए पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग

 Ballia News :  उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम उस समय अव्यवस्था का शिकार हो गया, जब देर रात दर्शकों की भारी भीड़ अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई. भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह तथा सांसद अभिनेता रवि किशन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम प्रभावित हो गया.
मंच के करीब पहुंचने की कोशिश से बिगड़ा माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार्यक्रम स्थल पर लोगों की संख्या लगातार बढ़ती गई और देर रात तक पंडाल पूरी तरह भरा रहा. इसी बीच कुछ लोग सुरक्षा घेरे को पार कर मंच के पास पहुंचने लगे, जिससे वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया. देखते ही देखते धक्का मुक्की शुरू हो गई और व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया.


पत्थरबाजी और कुर्सियां फेंके जाने के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
रात करीब 12 बजे के आसपास हालात और तनावपूर्ण हो गए. भीड़ के बीच से पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई, जिसके बाद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कई जगहों पर कुर्सियां भी फेंकी गईं और बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचा. कुछ लोग मंच की ओर बढ़ने लगे, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला. भीड़ को काबू में करने के लिए बल प्रयोग किया गया. इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है. हालांकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल स्थिति को सामान्य करने के लिए की गई.


भारी सुरक्षा के बावजूद उठे सवाल, पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू
यह आयोजन एक निजी समारोह के तहत कराया गया था, जिसमें शालिनी सिंह और सृष्टि भारती समेत कई कलाकार मौजूद थे. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही. सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो क्षेत्राधिकारी, कई थाना प्रभारी और 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. इसके बावजूद हुई अव्यवस्था ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. प्रशासन अब पूरे मामले की जांच में जुटा है और वायरल वीडियो के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी खंगाले जा रहे हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !