Jharkhand Politics: झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल और गरमा गया है. भाजपा विधायकों के मोबाइल फोन बंद होने की चर्चाओं के बीच स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने निशाना साधते हुए कहा है कि सभी विधायक जल्द अपना मोबाइल चालू करें, नहीं तो वह मेडिकल टीम के साथ उनका हाल जानने पहुंच जाएंगे.
इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा विधायकों कहा कि यह पता नहीं चल पा रहा है कि विधायक कहां हैं, उनकी तबीयत कैसी है और वे सुरक्षित हैं या नहीं.
"डॉक्टर होने के नाते मेरी जिम्मेदारी है"
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते वह सभी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं विधायक किसी तनाव में तो नहीं हैं या उन्हें किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या तो नहीं है.
उन्होंने कहा कि यह भी जानकारी नहीं है कि विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ है या उन्हें किसी दवा या इलाज की जरूरत है या नहीं.
एक घंटे का दिया समय
इरफान अंसारी ने कहा कि अगर एक घंटे के अंदर भाजपा विधायकों के मोबाइल फोन चालू नहीं हुए तो वह पूरी मेडिकल टीम के साथ उनका हाल जानने पहुंच जाएंगे.
उन्होंने भाजपा विधायकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी कुशलता की जानकारी सार्वजनिक करें और मेडिकल बुलेटिन जारी करें, ताकि लोगों को उनकी स्थिति की जानकारी मिल सके.
राज्यसभा चुनाव को लेकर बढ़ी निगरानी
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने विधायकों को रांची के रेडिसन ब्लू होटल में ठहराया है. इसी बीच कुछ विधायकों के मोबाइल फोन बंद होने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में शुरू हुई.
इसी मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. अब सभी की नजर भाजपा की प्रतिक्रिया और 18 जून को होने वाली वोटिंग पर है.