Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-17

Lohardaga News: सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल, स्कूटी पर प्रसूता को ले जाने का वीडियो वायरल

Lohardaga News: जिले के सदर अस्पताल से एक प्रसूता मरीज को स्कूटी पर बैठाकर निजी अस्पताल ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि सिजेरियन के लिए अस्पताल पहुंची प्रसूता को एक सहिया अपने पति के साथ स्कूटी से निजी अस्पताल ले गई। इस दौरान मरीज को चढ़ रही सलाइन की बोतल सहिया अपने हाथ में पकड़े हुए दिखाई दे रही है।

सहिया पर निजी अस्पतालों के लिए मरीज पहुंचाने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ सहिया सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को निजी अस्पतालों तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। जिन सहियाओं की जिम्मेदारी ग्रामीण मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की है, वे कथित रूप से निजी अस्पतालों के लिए दलाल की भूमिका निभा रही हैं। आरोप है कि इसके बदले उन्हें मोटी रकम भी मिलती है।

वार्ड से ओपीडी तक सक्रिय हैं बिचौलिये
लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल के वार्ड, ओपीडी और परिसर में बिचौलियों का नेटवर्क सक्रिय है। मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी का फायदा उठाकर उन्हें निजी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया जाता है। शाम होते ही निजी अस्पतालों से जुड़े दलालों की गतिविधियां और बढ़ जाती हैं, जो विभिन्न माध्यमों से मरीजों को निजी अस्पतालों तक पहुंचाने का काम करते हैं।

जांच और कार्रवाई की तैयारी, उठे सिस्टम पर सवाल
मामले के सामने आने के बाद सिविल सर्जन ने कहा है कि वायरल वीडियो और पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आम लोगों का कहना है कि यदि सरकारी अस्पतालों से इस तरह मरीजों को निजी संस्थानों में भेजा जाता रहा, तो सदर अस्पताल केवल रेफरल केंद्र बनकर रह जाएगा। वायरल वीडियो ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !