Jamshedpur: मानगो के उलीडीह थाना के महज कुछ ही दूरी में डिमना मुख्य सड़क स्थित एक दुकान का शटर तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। घटना ग्रीन वाटिका के समीप स्थित फल एवं ड्राई फ्रूट की दुकान सेलिब्रेशन में हुई, जहां से चोर करीब 80 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। दुकान संचालक अमित कुमार के अनुसार वह रोज की तरह रविवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर एक ओर से टूटा हुआ है। अंदर जाने पर पाया कि दुकान में रखी नकदी गायब है और सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए गए हैं।
शटर तोड़ने के लिए किया गया विशेष इंतजाम
दुकान के बाहर मौके पर बांस और मोटे बल्ले पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं की मदद से शटर तोड़ा गया। शोर न हो, इसके लिए बांस और बल्लों में रबर की ट्यूब भी बांधी गई थी। इससे प्रतीत होता है कि चोरी की वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया। अमित कुमार ने बताया कि शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहने के कारण दो दिनों की बिक्री की रकम दुकान में ही रखी गई थी। उन्हें कभी यह अंदेशा नहीं था कि शहर की व्यस्ततम सड़क पर स्थित दुकान में इस तरह की चोरी हो सकती है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने दुकान का निरीक्षण करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
"बिना स्थानीय जानकारी के ऐसी चोरी संभव नहीं" : विकास सिंह
मौके पर मौजूद विकास सिंह ने कहा कि डिमना मेन रोड शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। ऐसे स्थान पर शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि बिना स्थानीय जानकारी और तालमेल के इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना आसान नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानगो क्षेत्र में नशे का कारोबार और नशाखोरी बढ़ने के कारण चोरी की घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो वे अपने समर्थकों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करेंगे।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।