Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-15

BREAKING: सिदगोड़ा में पुलिस पर अपराधियों की फायरिंग से दहला इलाका, जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी गिरफ्तार व पिस्टल बरामद

BREAKING: जिस शहर में कानून के रक्षक यानी पुलिसकर्मी ही अपराधियों के निशाने पर हों, वहां आम जनता की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना लाजिमी है। लगातार बढ़ती छिनतई और लूट की घटनाओं के बीच अब अपराधियों द्वारा पुलिस पर फायरिंग किए जाने की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की सूचना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस संदिग्ध युवकों को देखकर उनका पीछा कर रही थी, तभी अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

दोपहर में महिला से हुई थी छिनतई
जानकारी के मुताबिक, दोपहर में टेल्को क्षेत्र के घड़ी पार्क के पास एक महिला से दो युवकों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। दोनों युवक पल्सर बाइक पर सवार थे। बताया जा रहा है कि ये वही अपराधी हैं जो शहर के विभिन्न इलाकों में 15 से अधिक छिनतई की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, इलाके में गश्त और जांच तेज कर दी गई। इसी दौरान पुलिस की नजर दोनों संदिग्ध अपराधियों पर पड़ी। पुलिस ने जब उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों युवक भागने लगे।

अपराधियों ने पुलिस पर चलाई गोली
भागने के दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस पर हुए इस हमले के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। घटनास्थल पर कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने एक अपराधी को पकड़ लिया है। उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद होने की बात सामने आ रही है। हालांकि दूसरे अपराधी के संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद
घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी के साथ सिदगोड़ा थाना प्रभारी, साकची थाना प्रभारी, बिस्टुपुर थाना प्रभारी और टेल्को थाना प्रभारी समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर मामले की जांच में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले को संवेदनशील मानते हुए जांच की जा रही है। हालांकि स्थानीय सूत्रों का दावा है कि पकड़ा गया अपराधी शहर में हुई कई छिनतई की घटनाओं में शामिल रहा है।

शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच अपराधियों द्वारा पुलिस पर फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं कि आखिर इस पूरे मामले की सच्चाई क्या है और फरार अपराधी कब तक गिरफ्त में आएगा।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !