Ranchi News: राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है. अब ठग शादी के डिजिटल निमंत्रण कार्ड के नाम पर लोगों के मोबाइल में सेंध लगा रहे हैं. APK फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल हैक किया जा रहा है और इसके बाद बैंक खातों से पैसे उड़ाए जा रहे हैं. शुरुआती जांच में सैकड़ों लोगों के इस जाल में फंसने की बात सामने आई है.
परिचितों के नंबर से भेजा जा रहा फर्जी निमंत्रण
साइबर अपराधी पहले लोगों के परिचितों के मोबाइल नंबर से शादी का डिजिटल कार्ड भेज रहे हैं, जिससे किसी को शक न हो. मैसेज में शादी में शामिल होने का भावनात्मक निमंत्रण दिया जाता है. इसके साथ एक APK फाइल भेजी जाती है.
लोग इसे असली शादी का कार्ड समझकर जैसे ही फाइल डाउनलोड करते हैं, उनके मोबाइल में खतरनाक ऐप इंस्टॉल हो जाता है और फोन का नियंत्रण ठगों के हाथ में चला जाता है.
मोबाइल हैक कर बैंक खातों से निकाले पैसे
फोन पर कब्जा करने के बाद साइबर अपराधी बैंकिंग ऐप, UPI और अन्य जरूरी जानकारियां हासिल कर लेते हैं. इसके बाद OTP और बैंक डिटेल का इस्तेमाल कर खातों से रकम निकाल ली जाती है. कई पीड़ितों को ठगी की जानकारी बैंक ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद हुई.
पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट
साइबर पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें और केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप इंस्टॉल करें. संदिग्ध लिंक या फाइल मिलने पर उसे खोलने से पहले सत्यापन जरूर करें.
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार APK फाइल के जरिए मोबाइल में मैलवेयर डाला जा सकता है, जिससे निजी जानकारी, बैंक डिटेल और OTP तक अपराधियों के पास पहुंच सकते हैं.
ऐसे बचें ठगी से
- शादी या किसी भी निमंत्रण के नाम पर आई APK फाइल डाउनलोड न करें.
- संदिग्ध मैसेज को तुरंत डिलीट करें.
- अगर किसी परिचित के नंबर से ऐसा मैसेज आए तो उन्हें सामान्य कॉल कर इसकी जानकारी दें, क्योंकि संभव है उनका फोन पहले ही हैक हो चुका हो.
- मोबाइल में सुरक्षा अपडेट और जरूरी सावधानियां हमेशा रखें.