Seraikela News: राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो (NHRCCB) के कोल्हान प्रमंडल के प्रतिनिधिमंडल ने कांड्रा थाना प्रभारी से शिष्टाचार मुलाकात कर समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कोल्हान प्रमंडलीय अध्यक्ष धनंजय कुमार शर्मा ने किया. इस दौरान झारखंड राज्य उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष पूजा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजित शर्मा, जिला सचिव राजदीप सेन, सक्रिय सदस्य संतोष कुमार गुप्ता और राजीव रंजन मौजूद रहे.
मुलाकात के दौरान NHRCCB टीम ने संगठन की ओर से मानवाधिकार संरक्षण, अपराध नियंत्रण और सामाजिक जागरूकता को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी थाना प्रभारी को दी. चर्चा में नशाखोरी उन्मूलन, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, बच्चा चोरी की अफवाहों पर रोक, मानव तस्करी, बाल मजदूरी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ.
थाना प्रभारी ने संगठन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए पुलिस और NHRCCB के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने की बात कही. उन्होंने कहा कि जनहित या अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना पर पुलिस नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करेगी.
इस दौरान NHRCCB की ओर से थाना प्रभारी को सम्मान स्वरूप मोमेंटो भेंट किया गया. वहीं प्रमंडलीय अध्यक्ष धनंजय कुमार शर्मा ने शांति समिति में संगठन के सदस्य संतोष कुमार गुप्ता को शामिल करने को लेकर थाना प्रभारी को पत्र सौंपा, जिसे स्वीकार कर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया.