Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-15

Khunti Crime News: खूंटी में रिश्तों का कत्ल, रनिया में मामूली विवाद में दो पोतों ने की दादी की हत्या, शव बोरे में बंद कर कोयल नदी के पास झाड़ियों में फेंका

Khunti: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के बांगुरकुलम झोराटोली गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि दो युवकों पर अपनी ही दादी की जान लेने का आरोप लग गया। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, 12 जून की शाम गांव में साप्ताहिक हाट लगा था। उस समय वृद्ध महिला पुटकी देवी (69) के बेटे और बहू बाजार गए हुए थे। घर पर पुटकी देवी अपने दोनों पोतों सोनू झोरा और जतरू झोरा के साथ थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया , जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गया।

धक्का लगने से हुई मौत, शव को बोरे में भरकर झाड़ियों में फेंका
बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान दोनों पोतों ने गुस्से में आकर वृद्धा को धक्का दे दिया। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों युवक घबरा गए और मामले को छिपाने की कोशिश में जुट गए। आरोप है कि दादी की मौत के बाद दोनों ने शव को प्लास्टिक के बोरे में बंद किया और उसे गांव से दूर कोयल नदी के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। इतना ही नहीं, घर के आंगन में गिरे खून के निशानों को मिटाने के लिए गोबर से लीपकर सबूत खत्म करने का प्रयास भी किया गया। शाम को जब मृतका का बेटा और बहू हाट से वापस लौटे तो पुटकी देवी घर में नहीं मिलीं। आंगन में खून के निशान और उन्हें मिटाने के प्रयास को देखकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद गांव में पूछताछ शुरू हुई और धीरे-धीरे पूरा मामला सामने आने लगा।

एफआईआर के बाद पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार 
मृतका के पुत्र ने 14 जून को रनिया थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आते ही थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर कोयल नदी के किनारे झाड़ियों में छिपाया गया शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने सोनू झोरा और जतरू झोरा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !