Bihar News: समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अपराधियों ने घर में सो रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मोरवा डीह वार्ड संख्या-11 निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें पांच गोलियां लगीं।
पांच गोलियां लगने से गंभीर घायल, अस्पताल में तोड़ा दम
गोली लगने के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल सुजीत कुमार को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
परिजनों ने तीन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने मंटुन झा और उनके दोनों पुत्रों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुराने मामलों की भी जांच, पुलिस हर पहलू खंगाल रही
पोस्टमार्टम के दौरान सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतक सुजीत कुमार के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज थे। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और एहतियातन इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।