Chandil Road Accident: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-टाटा हाईवे पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में सड़क किनारे खड़े एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए.
पहले मैजिक वाहन को मारी टक्कर, फिर बाइक को लिया चपेट में
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब आठ बजे चिलगु के पास हुई. बताया जा रहा है कि जमशेदपुर की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित हो गया. ट्रक ने पहले एक मैजिक वाहन को टक्कर मारी और इसके बाद बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया.
इसके बाद ट्रक सड़क किनारे खड़े 35 वर्षीय जितेन दास को कुचलते हुए कुछ दूर तक घसीटता ले गया. हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की मौके पर ही मौत हो गई.
घायलों को एमजीएम अस्पताल भेजा गया
वहीं, मैजिक और बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है. घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. सूचना मिलने के बाद चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने सड़क से जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया.
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है.