Jharkhand Weather Update: संताल और कोल्हान प्रमंडल में मॉनसून की दस्तक के बाद इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में मॉनसून राज्य के अन्य जिलों में भी आगे बढ़ सकता है। फिलहाल इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और 20 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।
11 जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 11 जिलों के लिए आंधी, तेज हवा और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
रांची समेत कई जिलों में मेहरबान रहेगा मौसम
अगले 48 घंटों के दौरान रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
पलामू प्रमंडल समेत कई जिलों में सताएगी उमस भरी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहेंगी। इसके चलते इन जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। खासकर पलामू प्रमंडल में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।