Chandil Big News: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के रुचाप गांव में हुए विवाद और पुलिस पदाधिकारी के कथित अभद्र व्यवहार के वायरल वीडियो मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। न्यूज 26 झारखंड ने इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।
एसपी निधि द्विवेदी ने मामले की जांच के बाद चांडिल थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी यमुना राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पहले संबंधित पदाधिकारी को पुलिस केंद्र सरायकेला वापस किया गया था। जांच के बाद अब निलंबन की कार्रवाई की गई है।
10 जून को रुचाप में हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि 10 जून को रुचाप में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान 16 वर्षीय नाबालिग युवक वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि विवाद में शामिल लोगों ने नाबालिग के साथ भी धक्का-मुक्की की। इसके बाद उसकी मां मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर बेटे को घर ले गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की थी। वहीं मामले की जांच के दौरान एक पुलिस पदाधिकारी द्वारा महिला से कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।
वायरल वीडियो के बाद उठे थे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई थी। मामले में चांडिल थाना प्रभारी ने बताया था कि विवाद की जांच के लिए पदाधिकारी यमुना राम को घटनास्थल पर भेजा गया था।
उन्होंने कहा था कि जांच के दौरान महिला द्वारा ईंट से हमला किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन किसी भी परिस्थिति में पुलिस पदाधिकारी का आक्रोशित होकर व्यवहार करना उचित नहीं है।
जांच के बाद एसपी ने लिया एक्शन
मामले की जांच पूरी होने के बाद एसपी निधि द्विवेदी ने कार्रवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारी को निलंबित कर दिया। पुलिस प्रशासन की ओर से साफ किया गया है कि अनुशासनहीनता या किसी भी तरह के गलत आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
न्यूज 26 झारखंड द्वारा उठाए गए इस मामले के बाद हुई कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।