Jamshedpur: एक बार फिर टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने प्लांट परिसर में चोरी की एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया। सुबह करीब 4:30 बजे चलाए गए विशेष निगरानी अभियान के दौरान तीन लोगों को कंपनी की सामग्री चोरी करते हुए पकड़ लिया गया। उनके पास से भारी मात्रा में तांबे की केबल भी बरामद की गई है। जानकारी के मुताबिक सुरक्षा विभाग को प्लांट के भीतर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद तड़के विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने तीन संदिग्धों को रोका और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 79 किलोग्राम कॉपर केबल बरामद हुई।
कंपनी की संपत्ति ले जाने की थी तैयारी
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि आरोपी केबल को प्लांट से बाहर ले जाने की कोशिश में थे। समय पर कार्रवाई होने से कंपनी को संभावित आर्थिक नुकसान से बचा लिया गया। बरामद सामग्री की कीमत बाजार में काफी अधिक बताई जा रही है। पकड़े गए लोगों की पहचान जुगसलाई निवासी मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शहबाज और मुबारक अली के रूप में हुई है। सुरक्षा विभाग ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद तीनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस जुटी जांच में
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पृष्ठभूमि और उनके संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं घटना के बाद प्लांट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।