Stock Market: खराब वैश्विक संकेतों के बावजूद बुधवार, 10 जून को भारतीय शेयर बाजार ने शानदार शुरुआत की। बाजार खुलते ही सेंसेक्स 374 अंकों की तेजी के साथ 74,292 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 90 अंकों की बढ़त लेकर 23,332 पर कारोबार करता दिखा। शुरुआती कारोबार में बाजार की मजबूती ने निवेशकों का उत्साह बढ़ा दिया।
मंगलवार की रिकवरी ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा
इससे पहले मंगलवार को भी घरेलू बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 394 अंक चढ़कर 73,918 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 119 अंकों की बढ़त के साथ 23,242 के स्तर पर पहुंचा था। लगातार दूसरे दिन की मजबूत तेजी ने निवेशकों के विश्वास को और मजबूत किया है।
एशियाई बाजारों में दबाव, अमेरिकी बाजार मिले-जुले
बुधवार सुबह एशियाई बाजारों में कमजोरी का माहौल रहा। जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। वहीं अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला रुख रहा, जहां डॉऊ जोंस 0.17 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एसएंडपी 500 में 0.26 प्रतिशत और नैस्डैक में 0.97 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
अमेरिका-ईरान तनाव से बढ़ी वैश्विक चिंता
वैश्विक बाजारों पर इस समय अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर दिखाई दे रहा है। नए सैन्य हमलों की खबरों के बाद निवेशकों की सतर्कता बढ़ गई है। इसके चलते कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला है। ब्रेंट क्रूड 92 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया है, जबकि WTI क्रूड 89 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा है।
इन शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर
बाजार विशेषज्ञों ने आज इंट्राडे ट्रेडिंग के लिए कुछ चुनिंदा शेयरों पर दांव लगाने की सलाह दी है। फोर्टिस हेल्थकेयर को 990 रुपये पर खरीदने और 1080 रुपये का लक्ष्य रखने की सलाह दी गई है। मिंडा कॉर्पोरेशन के लिए 647 रुपये पर खरीदारी, 700 रुपये का टार्गेट और 620 रुपये का स्टॉप लॉस सुझाया गया है। इसके अलावा एस्ट्रल, एमफैसिस, ग्लेनमार्क फार्मा और SBI के शेयरों पर भी निवेशकों की खास नजर रहेगी।