Sahibganj: जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राधानगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.88 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सूचना मिलते ही बनाई गई विशेष टीम
राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 6 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि उधवा ओवरब्रिज के समीप अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने उधवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी की मौजूदगी में राधानगर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर वहां से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में बरामद हुआ प्रतिबंधित ड्रग्स
पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 7.88 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान पहाड़गांव निवासी 23 वर्षीय फिरोज शेख के रूप में हुई। वह स्वर्गीय अताउल शेख का पुत्र बताया गया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राधानगर थाना में शिकायत दर्ज की है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। गिरफ्तारी के बाद रविवार को उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही थी। पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। इस अभियान में उधवा के अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार दुबे, सुनील कुमार मेहता, हवलदार प्रहलाद मेहरा, आरक्षी दुलारचंद यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध ड्रग्स कारोबार से जुड़े लोगों के बीच बेचैनी देखी जा रही है।