Indian Navy Recruitment: देश की सेवा करने और भारतीय नौसेना में अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. इंडियन नेवी ने 10+2 बीटेक कैडेट एंट्री स्कीम के तहत जनवरी 2027 बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती के माध्यम से अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों को तकनीकी शाखाओं में ऑफिसर बनने का अवसर मिलेगा. खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को चार वर्षीय बीटेक कोर्स कराया जाएगा और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें भारतीय नौसेना में परमानेंट कमीशन अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा.
इच्छुक उम्मीदवार 18 जून 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
60 पदों पर होगी भर्ती, पुरुष और महिला दोनों कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 60 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखा के लिए 30 30 सीटें निर्धारित की गई हैं. दोनों शाखाओं में महिला उम्मीदवारों के लिए 4 4 पद आरक्षित रखे गए हैं. ऐसे में तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक शानदार अवसर माना जा रहा है.
12वीं में PCM और JEE Main होना जरूरी
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स विषयों के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है. अभ्यर्थियों को PCM विषयों में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त होने चाहिए. इसके अलावा अंग्रेजी विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना भी जरूरी है.
सिर्फ इतना ही नहीं, उम्मीदवार का JEE Main 2026 परीक्षा में शामिल होना भी अनिवार्य है. नौसेना द्वारा उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग NTA की कॉमन रैंक लिस्ट के आधार पर की जाएगी.
बिना लिखित परीक्षा सीधे SSB इंटरव्यू से होगा चयन
इस भर्ती प्रक्रिया की सबसे खास बात यह है कि इसके लिए अलग से कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. नेवी मुख्यालय JEE Main रैंक के आधार पर कटऑफ तय करेगा और योग्य उम्मीदवारों को SSB इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा.
संभावना है कि SSB इंटरव्यू सितंबर 2026 से बेंगलुरु, भोपाल, कोलकाता और विशाखापत्तनम में आयोजित किए जाएंगे. इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों की नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व, निर्णय लेने की क्षमता और अधिकारी बनने की योग्यता का आकलन किया जाएगा.
मेडिकल टेस्ट और दस्तावेज जांच के बाद बनेगी फाइनल मेरिट
SSB इंटरव्यू में सफल होने वाले उम्मीदवारों को मेडिकल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना होगा. इसके बाद SSB प्रदर्शन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी.
अंतिम रूप से चयनित उम्मीदवारों को भारतीय नौसेना की प्रतिष्ठित प्रशिक्षण व्यवस्था के तहत बीटेक की पढ़ाई कराई जाएगी. प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग या नेवल आर्किटेक्चर एंड शिपबिल्डिंग जैसे विषयों में अध्ययन करेंगे.
प्रशिक्षण पूरा होते ही मिलेगा परमानेंट कमीशन
चार वर्षीय बीटेक कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उम्मीदवारों को भारतीय नौसेना में परमानेंट कमीशन अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा. इससे युवाओं को न केवल सम्मानजनक करियर मिलेगा बल्कि देश की समुद्री सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर भी प्राप्त होगा.