Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में 28 से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के ढाई लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है. सिविल सर्जन ने सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों से 10 जून तक माइक्रो प्लान उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि पोलियो की खुराक लेने वाले बच्चों की सही संख्या का आकलन किया जा सके.
11 प्रखंडों के 1595 गांवों में चलेगा अभियान
तीन दिवसीय अभियान के दौरान जिले के 11 प्रखंडों के 1595 गांवों में स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया और स्वयंसेवक बच्चों तक पहुंचेंगे. घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी.
इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, स्कूल, पंचायत भवन और बस्तियों में भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे. अभियान के दौरान तीन हजार से अधिक शिविर आयोजित किए जाएंगे.
पहले दिन बूथ, फिर घर-घर पहुंचेगी टीम
अभियान के पहले दिन बच्चों को बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी. इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा देंगे, जो पहले दिन किसी कारण से बूथ तक नहीं पहुंच सके.
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे. विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं.
पिछले अभियान में वर्ष 2025 के दौरान जिले में करीब 2.90 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई थी. इस बार भी जागरूकता अभियान चलाकर लोगों से सहयोग मांगा जा रहा है.