National Weather Alert: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का खतरा
IMD के अनुसार अगले सात दिनों तक केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। खासकर 6 और 7 जून को केरल में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी लगातार एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने के संकेत हैं।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में दस्तक की तैयारी
दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले 48 से 72 घंटों में इसके महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, अरब सागर और पूर्वोत्तर भारत के अन्य क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
दिल्ली-यूपी में बारिश, फिर बढ़ेगा तापमान
दिल्ली में 6 जून को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में अस्थायी गिरावट आएगी। हालांकि 7 जून के बाद मौसम साफ रहने और तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में 9 से 11 जून के बीच लू का असर देखने को मिल सकता है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का बदला मिजाज
उत्तराखंड के देहरादून, मसूरी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग और टिहरी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, मंडी, कांगड़ा और चंबा में भी 6 से 11 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना रहेगा।