Deoghar News: महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और स्तन कैंसर की समय पर पहचान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एम्स देवघर ने रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट की शुरुआत की है। इस सुविधा से संताल परगना समेत झारखंड के आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर आधुनिक ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।
प्रो. नितिन गंगाने ने किया डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट का उद्घाटन
संस्थान के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रो. नितिन एम. गंगाने ने आलेंजर्स एमएएम वेनस प्लस डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों को मरीजों तक पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकता है और यह नई सुविधा स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
3D मैमोग्राफी और आधुनिक तकनीकों से होगी ब्रेस्ट कैंसर की सटीक जांच
नई यूनिट में थ्री-डी डिजिटल ब्रेस्ट टोमोसिंथेसिस (DBT), ड्यूल-एनर्जी कॉन्ट्रास्ट एन्हांस्ड मैमोग्राफी (CEM) और स्टीरियोटैक्टिक ब्रेस्ट बायोप्सी जैसी उन्नत तकनीकें उपलब्ध हैं। इनकी मदद से स्तन ऊतकों में होने वाले सूक्ष्म बदलावों, गांठों और अन्य असामान्यताओं का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा, जिससे बेहतर निदान और उपचार योजना बनाना आसान होगा।
शुरुआती पहचान से बढ़ेगी इलाज की सफलता, घटेगा जटिलताओं का खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे अधिक पाए जाने वाले कैंसरों में शामिल है और इसकी शुरुआती पहचान उपचार की सफलता की संभावना को काफी बढ़ा देती है। डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट कैंसर के शुरुआती संकेतों को पहचानने में मदद करेगी, जिससे समय पर इलाज शुरू कर गंभीर जटिलताओं के जोखिम को कम किया जा सकेगा।
अब देवघर में ही मिलेगी उन्नत जांच सुविधा
अब तक उन्नत मैमोग्राफी जांच के लिए मरीजों को रांची, कोलकाता, पटना जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। एम्स देवघर में यह सुविधा शुरू होने से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण जांच उपलब्ध होगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। उद्घाटन समारोह में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता देवानंद झा, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमरदीप कुमार समेत संस्थान के कई चिकित्सक, संकाय सदस्य और कर्मचारी मौजूद रहे।