East Singhbhum: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र के केशपुर स्थित बागालगोड़ा गांव में सांप के डसने से 30 वर्षीय महिला गौरी सबर की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
तड़के सोते समय सांप ने कंधे पर डसा
परिजनों के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 3 बजे गौरी सबर अपने घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थीं। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उनके कंधे पर डस लिया। महिला के शोर मचाने पर परिजनों की नींद खुली और जब कमरे की लाइट जलाई गई तो बिस्तर से कुछ दूरी पर एक जहरीला सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। घटना के बाद परिजन तत्काल गौरी को इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
एमजीएम अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही गौरी सबर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने सांप को मार डाला। बताया जा रहा है कि वह चित्ती प्रजाति का जहरीला सांप था। पुलिस की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
तीन मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
गौरी सबर अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, परिवार की जिम्मेदारी अब पूरी तरह बच्चों और अन्य परिजनों पर आ गई है।