Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (एमटीएमसी) की मैनेजमेंट कमेटी ने उनके आवास पर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कॉलेज प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए स्नेह, विश्वास और आपसी संबंधों का प्रतीक है। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वे एमटीएमसी के प्रथम एमबीबीएस बैच के दीक्षांत समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सके, जिसका उन्हें खेद है। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिवार से मिले सम्मान ने उन्हें अपने मेडिकल कॉलेज के दिनों की याद दिला दी और छात्र जीवन की कई पुरानी स्मृतियां ताजा हो गईं।
प्रथम MBBS बैच को दी बधाई, मेडिकल सीटें बढ़ाने का किया आग्रह
स्वास्थ्य मंत्री ने एमटीएमसी के प्रथम एमबीबीएस बैच के सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवा डॉक्टर समाज और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस दौरान डॉ. अंसारी ने कॉलेज प्रबंधन से मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिक से अधिक युवाओं को डॉक्टर बनने का अवसर मिलना चाहिए, जिसके लिए चिकित्सा शिक्षा संस्थानों में सीटों का विस्तार आवश्यक है।
चिकित्सा शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में एमटीएमसी सहित राज्य के सभी मेडिकल संस्थानों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। डॉ. इरफान अंसारी ने कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि एमटीएमसी भविष्य में भी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राज्य और देश को कुशल चिकित्सक उपलब्ध कराता रहेगा।