Chatra News: चतरा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 522 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय अफीम तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
गुप्त सूचना पर जंगल में छापा, दो तस्कर धराए
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के पाराडीह जंगल में छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 522 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुपेश कुमार (हेडुम, लावालौंग) और दीपांशु कुमार (परसौनी, इटखोरी) के रूप में हुई है।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
नशा तस्करों को चेतावनी, कार्रवाई रहेगी जारी
एसडीपीओ ने कहा कि चतरा पुलिस जिले में नशा तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। अफीम, ब्राउन शुगर, डोडा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।