Ranchi News : झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक उम्मीदवार 20 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। परिषद ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
मोबाइल नंबर और ईमेल संबंधी तकनीकी परेशानी के कारण बढ़ाई गई तिथि
JAC के अनुसार कई ऐसे अभ्यर्थी हैं जिन्होंने JTET 2024 के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनके मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी उपलब्ध नहीं होने या बदल जाने के कारण JTET 2026 के ऑनलाइन आवेदन में दिक्कतें आ रही थीं। इस संबंध में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परिषद से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की थी।
परिषद ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रक्रिया तैयार की जा रही है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के आवेदन पूरा कर सकें।
विशेष प्रक्रिया और निर्देश जल्द होंगे जारी
झारखंड अधिविद्य परिषद ने स्पष्ट किया है कि सामान्य आवेदन अवधि समाप्त होने के बाद वेबसाइट पर अलग से दिशा-निर्देश और प्रक्रिया जारी की जाएगी। इसके आधार पर प्रभावित अभ्यर्थी अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर पाएंगे।
परिषद ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन कर लें। JTET 2026 से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं, अपडेट और दिशा-निर्देश परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।