Giridih News: गिरिडीह शहर में मंगलवार को नगर निगम ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। गांधी चौक से बड़ा चौक तक सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे हटाए गए। साथ ही सड़क पर अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चालान काटे गए तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों और फुटपाथी दुकानदारों में हुई तीखी बहस
अभियान के दौरान फुटपाथी दुकानदारों और निगम अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाया जा रहा है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो रहा है।
पहले जगह दें, फिर हटाएं दुकान
फुटपाथी विक्रेताओं का कहना है कि प्रशासन पहले उनके लिए स्थायी और सुविधाजनक स्थान सुनिश्चित करे। उनका दावा है कि उचित व्यवस्था मिलने पर वे स्वयं अपनी दुकानें वहां स्थानांतरित करने को तैयार हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें केवल हटाने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्रवाई में भेदभाव का आरोप, शाम की दुकानों पर उठे सवाल
दुकानदारों ने यह भी सवाल उठाया कि शाम के समय सड़क किनारे लगने वाली फास्ट फूड, चाट और गुपचुप की दुकानों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती। उनका आरोप है कि दिन में फल और सब्जी विक्रेताओं को हटाने पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है, जबकि अन्य अतिक्रमण को नजरअंदाज किया जाता है।
नगर निगम सख्त, अभियान जारी रखने के संकेत
नगर निगम अधिकारियों ने साफ कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक फुटपाथी दुकानदारों को हुट्टी बाजार स्थित हटिया परिसर में स्थान देने का विकल्प दिया गया है, लेकिन अधिकांश लोग वहां जाने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शहर की यातायात व्यवस्था और आम जनता की सुविधा को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।