Dhanbad News: धनबाद जिले में चार्जशीट एवं अंतिम प्रतिवेदन से संबंधित Legacy Data की ऑनलाइन प्रविष्टि में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सात पुलिसकर्मियों को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सम्मानित किया। समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से कार्य पूरा करने पर उन्हें पुरस्कार राशि देकर प्रोत्साहित किया गया।
सुदामडीह के गौतम कुमार गोराई रहे अव्वल
इस अभियान में सुदामडीह थाना के आरक्षी गौतम कुमार गोराई ने 25 कांडों की ऑनलाइन प्रविष्टि कर सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं बरवाअड्डा थाना के लाल मोहन साव और संजीव कुमार सिंह ने 11-11 कांडों का डेटा ऑनलाइन दर्ज कर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जोरापोखर, मनियाडीह और हरिहरपुर के जवानों की भी सराहना
जोरापोखर थाना के सब्बीर अंसारी ने 9 तथा राजीव मुखर्जी ने 27 कांडों की सफल डेटा एंट्री की। इसके अलावा मनियाडीह थाना के विक्रम कुमार दास ने 12 और हरिहरपुर थाना के दीपक कुमार ने 22 कांडों की ऑनलाइन प्रविष्टि कर विभागीय कार्यों को गति दी।
एसएसपी बोले- तकनीकी दक्षता ही आधुनिक पुलिसिंग की पहचान
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि डिजिटल पुलिसिंग के दौर में तकनीकी कार्यों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने मेहनत, ईमानदारी और लगन से कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी प्रोत्साहित और पुरस्कृत करने का भरोसा जताया। उनके अनुसार, ऐसे प्रयासों से रिकॉर्ड प्रबंधन, पारदर्शिता और अनुसंधान प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।
ईस्ट बसुरिया कांड में अनिल कुमार को दो वर्ष की सजा
ईस्ट बसुरिया ओपी कांड संख्या 231/22 में माननीय न्यायालय ने अभियुक्त अनिल कुमार को धारा 411 के तहत दोषी करार देते हुए दो वर्ष कारावास की सजा सुनाई है। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी आशुतोष कुमार सिंह ने प्रभावी पैरवी की। न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोप सिद्ध होने के बाद यह फैसला सुनाया गया।