Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-02

Chaibasa Crime News: डायन-बिसाही के शक में महिला की गला रेतकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडकोरी गांव के गाउसाई टोला में अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डायन-बिसाही के शक में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया है।

पति श्राद्ध कार्यक्रम में गए थे, घर पर बच्चों के साथ थी महिला
मृतका की पहचान शुरू गोप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना के समय उनके पति देवेंद्र गोप अपने बड़े बेटे और बेटी के साथ ओडिशा में आयोजित एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर शुरू गोप अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेली थीं।

बेटी और बड़े भाई की बीमारी को बताया हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि खंडकोरी गांव निवासी पुंडवा उर्फ चोके सिंकु को अंधविश्वास के कारण यह संदेह था कि उसकी पांच वर्षीय बेटी और बड़े भाई की लगातार खराब हो रही सेहत के पीछे शुरू गोप का हाथ है। आरोपी महिला को डायन मानता था और इसी वजह से उसने उसकी हत्या की साजिश रची।

हड़िया पिलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गया
बताया जाता है कि घटना वाले दिन आरोपी चोके सिंकु महिला के घर पहुंचा और उसे हड़िया पिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया। वह शुरू गोप को गांव के समीप स्थित तानीबुरु क्षेत्र की झाड़ियों में ले गया, जहां पहले से बनाए गए इरादे के तहत धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

बच्चों की जानकारी से खुला मामला
इधर, जब देवेंद्र गोप श्राद्ध कार्यक्रम से वापस घर लौटे तो उनकी पत्नी घर पर नहीं मिलीं। उन्होंने बच्चों से पूछताछ की तो बच्चों ने बताया कि उनकी मां चोके सिंकु के साथ बाहर गई थीं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने महिला की तलाश शुरू की।

झाड़ियों में मिला शव, गांव में फैली सनसनी
काफी खोजबीन के बाद तानीबुरु क्षेत्र की झाड़ियों में शुरू गोप का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर पुंडवा उर्फ चोके सिंकु को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

अंधविश्वास के खिलाफ फिर उठा सवाल
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं की भयावह तस्वीर सामने ला दी है। एक निराधार संदेह के आधार पर एक महिला की हत्या कर दी गई। प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने तथा किसी भी समस्या का समाधान कानून और वैज्ञानिक सोच के आधार पर करने की अपील की है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !