Ranchi News: राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन और यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर ट्रैफिक प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया.
प्रमुख इलाकों का किया गया निरीक्षण
अधिकारियों ने अल्बर्ट एक्का चौक से अंजुमन प्लाजा तक सड़क, पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की गई. साथ ही फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को हटाने का निर्देश दिया गया.
पैदल यात्रियों के लिए रास्ता कराया गया खाली
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर पैदल चलने वालों के लिए बने फुटपाथों पर दोपहिया और अन्य वाहन खड़े किए गए थे. पुलिस टीम ने ऐसे वाहनों को हटवाया और संबंधित लोगों को दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी.
पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर जोर
अधिकारियों ने विभिन्न पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया और वहां वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने के निर्देश दिए. पुलिस का मानना है कि सही पार्किंग व्यवस्था से सड़क पर लगने वाले जाम को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दिए गए निर्देश
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उन्हें यातायात संचालन को अधिक प्रभावी बनाने और आम लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया.
अभियान लगातार रहेगा जारी
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सके.
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे.