Ranchi News: शहर में कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए रांची नगर निगम ने नई पहल शुरू करने का फैसला किया है. अब शहर से निकलने वाले गीले कचरे का उपयोग बायोगैस बनाने में किया जाएगा. इसके लिए निगम बड़े स्तर पर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र करने का अभियान चलाएगा.
इस योजना को लेकर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई. बैठक में निगम के अधिकारियों के साथ गेल इंडिया, स्वच्छता कॉरपोरेशन तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक में शहर में प्रतिदिन निकलने वाले गीले कचरे के बेहतर प्रबंधन और उससे बायोगैस उत्पादन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
पहले चरण में 20 वार्डों में शुरू होगा अभियान
नगर निगम ने योजना के पहले चरण में शहर के करीब 20 वार्डों का चयन किया है. इन वार्डों में घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र किया जाएगा. निगम का लक्ष्य है कि स्रोत स्तर पर ही कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए, ताकि बायोगैस उत्पादन के लिए उच्च गुणवत्ता वाला जैविक कचरा उपलब्ध हो सके.
कचरा मिलाने पर नहीं होगा प्रोसेसिंग
नगर निगम ने साफ किया है कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के दौरान गीले और सूखे कचरे को एक साथ नहीं रखा जाएगा. यदि किसी स्थान से मिश्रित कचरा प्राप्त होता है तो उसे एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर में प्रोसेस नहीं किया जाएगा। इससे लोगों को कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.
संयुक्त टीम करेगी निगरानी
बायोगैस परियोजना की निगरानी के लिए गेल इंडिया, सीईआईडी और पीएमसी की संयुक्त टीम बनाई गई है. यह टीम एमआरएफ सेंटरों का निरीक्षण करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि कचरा सही तरीके से अलग किया जा रहा है तथा बायोगैस प्लांट तक गुणवत्तापूर्ण ऑर्गेनिक कचरा पहुंच रहा है.
लोगों को जागरूक करेगा नगर निगम
नगर निगम अपार्टमेंट, कॉलोनियों और अन्य आवासीय क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाएगा. इसके तहत लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग रखने के फायदे बताए जाएंगे. निगम का मानना है कि नागरिकों की भागीदारी के बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता.
नगर आयुक्त ने कहा कि कचरा पृथक्करण केवल स्वच्छता का विषय नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा उत्पादन से भी जुड़ा हुआ है. उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखें और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें.