East Singhbhum News: पूर्वी सिंहभूम जिले में बालू खनन को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए जिला खनन कार्यालय ने दो प्रमुख बालू घाटों के लिए परिवहन चालान जारी कर दिया है। झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद से “कंसेंट टू ऑपरेट” (CTO) मिलने के बाद अब जिले में वैध बालू उठाव की प्रक्रिया पूरी तरह शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
स्वीकृत बालू घाटों का दायरा और नियंत्रित आपूर्ति व्यवस्था
जिन घाटों के लिए अनुमति दी गई है, उनमें 34.70 हेक्टेयर क्षेत्र वाला कोरिया मोहनपाल बालू घाट तथा 46.30 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला कोरिया मोहनपाल एवं स्वर्णरेखा बालू घाट शामिल हैं। इन घाटों के संचालन से जिले में बालू आपूर्ति को औपचारिक और नियंत्रित व्यवस्था के तहत लाया जाएगा।
राजस्व वृद्धि और अवैध खनन पर सख्त नियंत्रण की उम्मीद
इस पहल से राज्य सरकार को लगभग 20 करोड़ रुपये के खनन राजस्व की प्राप्ति होने की संभावना जताई गई है। साथ ही, वैध चालान व्यवस्था लागू होने से अवैध बालू खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगेगा, जिससे प्रशासनिक निगरानी और अधिक मजबूत होगी।
निर्माण कार्यो को गति और आम जनता को राहत
बालू की नियमित और वैध उपलब्धता से जिले में चल रहे सरकारी एवं निजी निर्माण कार्यों को गति मिलेगी। इससे न केवल विकास परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ेगी, बल्कि आम लोगों को आवास और अन्य निर्माण कार्यों के लिए बालू आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।