Jharkhand News: हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड निवासी 45 वर्षीय सहदेव यादव पिछले 10 दिनों से लापता हैं. असम से अपने घर लौटने के दौरान उनका परिवार से संपर्क टूट गया, जिसके बाद परिजन गहरी चिंता में हैं. लगातार तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है.
सहदेव यादव बरही प्रखंड के कोल्हुआ कला (बाराडीह) गांव के रहने वाले हैं और असम में पोकलेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे. परिजनों के अनुसार, वे 20 मई को असम से झारखंड लौटने के लिए रवाना हुए थे. यात्रा के दौरान गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के पास उनसे आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी. इसके बाद अचानक उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और तब से उनका कोई पता नहीं चल पाया है.
मामले के सामने आने के बाद परिवार लगातार उनकी खोजबीन में जुटा है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है. सहदेव के लापता होने से घर में चिंता और बेचैनी का माहौल है. परिजन प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी तलाश करने की मांग कर रहे हैं.
यह मामला सोशल मीडिया और प्रवासी श्रमिक सेल के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचा, जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं इसका संज्ञान लिया. मुख्यमंत्री ने हजारीबाग जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने का निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर हजारीबाग के उपायुक्त और पुलिस प्रशासन को टैग करते हुए लापता व्यक्ति की तलाश में तत्काल कार्रवाई करने तथा की जा रही प्रगति से अवगत कराने को कहा है. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब जिला प्रशासन और पुलिस पर मामले के शीघ्र खुलासे और सहदेव यादव की तलाश की जिम्मेदारी बढ़ गई है.