Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-31

Bihar News: नवादा में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, बाइक की डिक्की से 3.10 लाख रुपये चोरी करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

Bihar News: बिहार के नवादा जिले में पुलिस ने बाइक की डिक्की से 3.10 लाख रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ओडिशा के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह बिहार के कई जिलों में सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से लोगों की रेकी कर वारदातों को अंजाम देता था।
ओडिशा के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के कोइनपुर थाना क्षेत्र निवासी अजय दास और राजेश दास, थामनगर निवासी देवेंद्र दास, सुरडा निवासी टी. बाला और टी. मारकंडे तथा पोकोटी निवासी अशोक कुमार दास के रूप में हुई है। आरोपियों की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच है, जबकि एक आरोपी की उम्र करीब 55 वर्ष बताई गई है।

कई जिलों में सक्रिय था गिरोह
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह केवल नवादा ही नहीं बल्कि गया, जहानाबाद, पटना और नालंदा समेत कई जिलों में सक्रिय था। जहानाबाद के कुर्था थाना क्षेत्र में हुई घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता की जानकारी मिली है। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क की आगे जांच कर रही है।

आरोपियों के पास से नकदी समेत कई सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 53 हजार रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, दो पायल, दो बाइक नंबर प्लेट, एटीएम कार्ड, मास्टर चाबी, ड्राइविंग लाइसेंस, पावर बैंक और कई आधार कार्ड बरामद किए हैं।

ठिकाना बदलकर वारदात को देते थे अंजाम
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य किसी एक स्थान पर स्थायी रूप से नहीं रहते थे। वे पहाड़ी और सुनसान इलाकों में ठहरते थे तथा लगातार अपना ठिकाना बदलते रहते थे। वारदात के बाद तुरंत क्षेत्र छोड़ देना उनकी कार्यशैली का हिस्सा था।

एसआईटी की कार्रवाई से मिली सफलता
नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि घटना के बाद सदर एसडीपीओ राहुल सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। तकनीकी और मानव खुफिया सूचना के आधार पर तुंगी क्षेत्र में छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
मामला हिसुआ थाना क्षेत्र के एकनार गांव निवासी मृत्युंजय सिंह से जुड़ा है। उन्होंने बैंक से 3.10 लाख रुपये निकालकर बाइक की डिक्की में रखे थे। पेट्रोल पंप पर रुकने के दौरान चोरों ने डिक्की तोड़कर नकदी निकाल ली। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक चोरी करते और बाद में साथी के साथ फरार होते दिखाई दिया। इसी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

अन्य मामलों में भी हो सकता है खुलासा
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान विभिन्न जिलों में हुई अन्य चोरी और लूट की घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !