Seraikela: चांडिल से पुरुलिया-धनबाद जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-32) पर पितकी गेट के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका एक पैर पूरी तरह कुचल गया, जबकि दूसरे पैर में भी गंभीर चोट आई है।
हादसे का मंजर देख दहल उठे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर (संख्या JH05 070607) ने साइकिल सवार कालिया गोप को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर का अगला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।
आरपीएफ ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल रेलवे स्टेशन के आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे। आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और बाद में उसे नीमडीह थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल रेफर
घायल कालिया गोप को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं नीमडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राशन लेकर घर लौट रहे थे कालिया गोप
जानकारी के अनुसार नीमडीह थाना क्षेत्र के चिंगड़ीडीह गांव निवासी 45 वर्षीय कालिया गोप राशन कार्ड के तहत चावल और गेहूं लेने डीलर के पास गए थे। राशन लेकर साइकिल से घर लौटने के दौरान पुरुलिया की ओर से जमशेदपुर जा रहे ट्रेलर की चपेट में आ गए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार कालिया गोप परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं। उनके दो पुत्र, एक पुत्री और वृद्ध मां हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने और दोनों पैरों के प्रभावित होने से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
पितकी गेट को ब्लैक स्पॉट घोषित करने की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि पितकी गेट के पास पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसी स्थान पर पूर्व में एक व्यक्ति की जान भी जा चुकी है। लोगों ने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल लगाने की मांग की है।
पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर शुरू की जांच
नीमडीह थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।