Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-30

Jamshedpur News: बेरोजगार युवाओं को नौकरी से जोड़ने पर जोर, उपायुक्त ने कौशल विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में बेरोजगार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है. इसी कड़ी में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की.
अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचे कौशल विकास योजनाओं का लाभ
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिले के ज्यादा से ज्यादा बेरोजगार युवक और युवतियों को कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए ताकि पात्र युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंचे और वे इसका लाभ उठा सकें.

प्रशिक्षण के बाद रोजगार दिलाने के लिए करें विशेष प्रयास
बैठक में मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत चल रहे कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं की रोजगार स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को निजी कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और अन्य संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं. उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं के प्लेसमेंट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और नियोजित अभ्यर्थियों का अद्यतन डाटा तैयार रखा जाए ताकि रोजगार से जुड़े परिणामों की सही निगरानी हो सके.

रोजगार मेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
जिला नियोजनालय के माध्यम से आयोजित होने वाले रोजगार मेलों, करियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों और अन्य नियोजन गतिविधियों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं का निबंधन और सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए.

उन्होंने निर्देश दिया कि रोजगार मेलों और करियर संबंधी कार्यक्रमों की जानकारी सोशल मीडिया, पंचायत स्तर, शैक्षणिक संस्थानों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित की जाए ताकि कोई भी इच्छुक युवा जानकारी के अभाव में अवसर से वंचित न रह जाए.

श्रमिकों के निबंधन और योजनाओं के लाभ पर भी हुई चर्चा
बैठक में श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई. ई श्रम पोर्टल पर असंगठित श्रमिकों के निबंधन, असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई.

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र श्रमिकों का शत प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित किया जाए और लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए.

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योगों से बढ़ाएं समन्वय
उपायुक्त ने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न नियोजकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाए. उन्होंने कहा कि कौशल विकास और रोजगार सृजन राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता के साथ काम करना होगा.

कई विभागीय अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, श्रम एवं कौशल विकास विभाग से जुड़े अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !