East Singhbhum: पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आमदा घोषड़ा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अचानक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटने लगी और पूरे इलाके में चिंता का माहौल बन गया।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। युवती को सुरक्षित नीचे लाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से भी संयम बरतने की अपील की जा रही है।
घासीडीह टोला की रहने वाली बताई जा रही युवती
जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ी युवती आमदा घोषड़ा गांव के घासीडीह टोला की निवासी है। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है। समाचार लिखे जाने तक युवती टावर पर ही मौजूद थी और उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी थी।
थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर, एम्बुलेंस भी तैनात
घटना की सूचना मिलते ही धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल और एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से हर आवश्यक व्यवस्था की गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। अधिकारियों का पूरा ध्यान युवती को सकुशल नीचे उतारने पर केंद्रित है।
युवती के सुरक्षित नीचे आने के बाद स्पष्ट होगी वजह
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। युवती के सुरक्षित नीचे आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने हाईटेंशन टावर पर चढ़ने जैसा जोखिम भरा कदम किन परिस्थितियों में उठाया।